रातू रोड से असहाय व्यक्ति का रेस्क्यू, आश्रम में निराश्रितों की संख्या 43
रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट रांची के अंतर्गत संचालित सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम, पुंदाग की टीम ने मंगलवार को रातू रोड से एक असहाय व्यक्ति का रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम पहुंचाया। उसके आश्रम पहुंचने के साथ निराश्रितों की संख्या बढ़कर 43 हो गई।
आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि रातू रोड के पास एक व्यक्ति के लावारिस अवस्था में घूमने की सूचना मिली थी। उसकी स्थिति बेहद अस्वच्छ थी। सूचना पर सेवा साथी मुकुंद यादव, परमेश्वर प्रमाणिक और सूरज प्रमाणिक की टीम ने उसे रेस्क्यू किया। अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे आश्रम लाया गया। वह अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था और उसकी याददाश्त भी प्रभावित थी। आश्रम कमेटी ने उसका नाम ‘मनमोहन’ रखा है। फिलहाल मनमोहन को सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में रखा गया है।
संजय सर्राफ ने बताया कि जरूरतमंदों की सूचना मिलने पर टीम समय-समय पर उनका रेस्क्यू करती है। श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम जनवरी 2024 से मंदबुद्धि, दिव्यांग और निराश्रित लोगों की नि:शुल्क सेवा कर रहा है और उन्हें घर जैसा माहौल देने का प्रयास किया जाता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar