मारवाडी सम्मेलन ने डंडा रोपण के साथ किया होलिका दहन

 


रांची, 02 मार्च (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से मारवाड़ी समाज ने सोमवार को रांची में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ डंडा रोपण, ठंडी होली पूजन के साथ होलिका दहन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि महिलाओं ने राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा, विशेषकर रंग-बिरंगी ओढ़नी धारण कर विधि-विधानपूर्वक डंडा रोपण की रस्म निभाई। इसके बाद ठंडी होली की पूजा श्रद्धा और भक्ति भाव से की गई। पारंपरिक गीतों के साथ परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

उन्होंने बताया कि तीन मार्च की सुबह लगभग पांच बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया गया। श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा कर सुख-शांति और सकारात्मक जीवन का संकल्प लिया। सर्राफ ने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय तथा नकारात्मकता के दहन का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस दौरान समाज के गणमान्य सहित बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य माैजूद थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar