सदर अस्पताल में एचआईवी जागरूकता रैली, 110 लोगों की जांच
रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। एचआईवी-एड्स और यौन संचारित संक्रमणों के प्रति लोगों को जागरूक करने और समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने के मुद्दे पर गुरुवार को सदर अस्पताल, रांची में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसके साथ ही झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (जेएसएसीएस) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के दौरान जागरूकता रैली एवं कैंडल मार्च निकाला गया। रैली के दौरान एचआईवी-एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच, समय पर उपचार और एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने को लेकर जागरूक किया गया। पोस्टर और संदेशों के माध्यम से एचआईवी की जानकारी, जीवन बचाती है का संदेश दिया गया।
वहीं इस दौरान सदर अस्पताल के आईसीटीसी की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में कुल 110 लोगों की जांच की गई। जांच में एचआईवी का कोई रिएक्टिव मामला नहीं मिला, जबकि सिफलिस का एक पॉजिटिव मामला सामने आया। संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आगे की जांच और उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपाय, नियमित जांच और उपलब्ध उपचार सेवाओं की जानकारी दी गई। आमजन से अपील की गई कि एचआईवी या अन्य यौन संचारित संक्रमण को लेकर भ्रांति या झिझक न रखें और जरूरत पड़ने पर नजदीकी आईसीटीसी केंद्र में गोपनीय जांच एवं परामर्श का लाभ लें।
कार्यक्रम में डॉ तवा रिजीवी, डॉ सोहन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, एड्स कंट्रोल सोसाइटी से कंचन और नवीन सहित एएनएमटीसी की छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने हिस्सा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar