डॉक्टरों के लिए डीएसीपी लागू करने से होगी वेतन में वृद्धि : इरफान
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मजबूत करनेे और डॉक्टरों को सम्मान दिलाने के लिए राज्य में डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (डीएसीपी) लागू किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत राज्य के लगभग 167 डॉक्टरों को लाभ दिया जा रहा है। इससे डॉक्टरों के वेतन में वृद्धि होगी।
मंत्री गुरूवार को झारखंड राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) के पदाधिकारियों सेे मुलाकात के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल डॉक्टरों के सम्मान और उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मौके पर झासा के प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष डीएसीपी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपना सुझाव दिया। उन्होंने मंत्री के पास सामान्य और दंत चिकित्सकों के लिए सेवा अवधि को 25 वर्ष से घटाकर 20 वर्ष करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए भी चरणबद्ध सेवा अवधि निर्धारित करने की मांगें रखी।
मंत्री ने इन सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आनेवाले समय में डीएसीपी व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा। चिकित्सकों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। वे बेहतर कार्य करें।
मौके पर डॉ सीके शाही, डॉ पीपी साह, अध्यक्ष डॉ बिमलेश सिंह, सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय सिंह, कोषाध्यक्ष, डॉ स्टीफन जेस सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar