ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा में उमड़े श्रद्धालु, भीड़ पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। रांची की ऐतिहासिक और विश्वविख्यात जगन्नाथपुर रथयात्रा में गुरुवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।
श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ रथारूढ़ होकर मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान किए।
पूरे मेला क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण, जयघोष और धार्मिक उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
रथयात्रा के आयोजन और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक एवं पुख्ता तैयारियां की गई हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
वहीं रथयात्रा के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के साथएसएसपी राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात), एसपी (ग्रामीण), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
कंट्रोल रूम से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर रखी गई नजर
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की ओर से मंदिर परिसर स्थित कंट्रोल रूम से संपूर्ण मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ पर निगरानी की गई। साथ ही आवश्यकतानुसार संबंधित दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को त्वरित निर्देश दिया गया। आधुनिक निगरानी व्यवस्था और समन्वित प्रशासनिक प्रयासों से रथयात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस, क्यूआरटी, चिकित्सा दल, अग्निशमन दल सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की तैनाती सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घूरती रथ यात्रा और 25 जुलाई तक चलने वाले मेले के दौरान भी इसी प्रकार सतर्कता और मुस्तैदी के साथ विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आगामी धार्मिक आयोजन भी शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak