हिंदू बंटा, हिंदू कटा, इसलिए हिंदू एक रहेः डॉ तोगड़िया

 


दुमका, 18 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगड़िया बुधवार को दुमका पहुंचे। हिंदू समाज के लोगों ने डॉ प्रवीण तोगड़िया का दुधानी में भव्य स्वागत किया। इसके बाद शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाला गया। शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होकर कार्यक्रम स्थल यज्ञ मैदान पहुंची। जहां तोगड़िया ने कहा कि हिंदू बंटा, हिंदू कटा, इसलिए हिंदू एक रहे। उन्होंने कहा कि भारत के कई राज्यों असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में काफी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए बसे हुए हैं। खासकर उत्तर बिहार तो बांग्लादेशियों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार और जनता को मिलकर इन्हें भगाना होगा, अन्यथा ये हमें भगा देंगे। उन्होंने यह विश्वास जताते हुए कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार ने जिस तरह धारा 370 हटाया है उसी तरह देश से बांग्लादेशियों को भी भगाने का काम करेगी।

डॉ तोगड़िया ने रामनवमी के अवसर पर झारखंड में डीजे पर लगे बैन पर कहा कि झारखंड का हिंदू हिम्मतवाला है और वो रास्ता निकालेगा और ऐसा रास्ता निकालेगा कि लोग देखते रह जाएंगे।

जहां तक हजारीबाग में अक्सर रामनवमी में होने वाले विवाद का विषय है तो प्रशासन को चाहिए कि इस पर्व में खलल डालने वालों पर पहले से कानूनी कार्रवाई करें। तोगड़िया ने खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इतिहास में यह पहला मौका है जब ईरान, इराक, कुवैत, दुबई सभी एक-दूसरे से लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मार रहे हैं। हां, इस वजह से रसोई गैस सिलेंडर की समस्या आ रही है, पर इसका समाधान सरकार जरूर निकालेगी।

वहीं, इसके पूर्व प्रवीण तोगड़िया के स्वागत में दुमका में एक रैली निकाली गई। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर यज्ञ मैदान में एक सभा के रूप में तब्दील हो गई। प्रवीण तोगड़िया ने यज्ञ मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों से संगठित रहने और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार