हटिया में हिन्दू संगम का आयोजन, एकता, समरसता और संस्कारों का दिया संदेश

 






रांची, 29 मार्च (हि.स.)। हटिया देवी मंडप के प्रांगण में रविवार को हिन्दू संगम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अद्वैत आश्रम के स्वामी अमृतानंद ने हिन्दू समाज में सद्भाव और एकता पर जोर देते हुए भेदभाव-रहित समाज निर्माण की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती आपसी प्रेम, सहयोग और समानता की भावना से ही संभव है।

कार्यक्रम के संरक्षक पद्मश्री महाबीर नायक ने हिन्दू धर्म में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और संस्कारों का निर्माण करते हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी श्रीमंत महाराज ने धर्म के माध्यम से समाज निर्माण पर बल देते हुए कहा कि नैतिकता और आध्यात्मिकता से ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

मुख्य वक्ता आशुतोष द्विवेदी ने ‘पंच परिवर्तन’ के पांच प्रमुख आयाम सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर ही राष्ट्र को सुदृढ़, समरस और विकसित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में हटिया क्षेत्र की मातृशक्ति, बंधुओं एवं भगिनियों की बड़ी संख्या ने भाग लेकर सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों ने पौराणिक चरित्रों का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही स्तोत्र, श्लोक और मंत्रों के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर समाज के प्रत्येक घर से एकत्रित अनाज से ग्राम देवी माता एवं भारत माता को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद दुर्गा माता एवं भारत माता की आरती और जयघोष के साथ लगभग 400 से अधिक लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में अखिलेश्वरनाथ मिश्र, डॉ. एन.डी. गोस्वामी, डॉ. उमाशंकर शर्मा, राजा राम सिंह, डॉ. प्रेम प्रकाश मिश्र, मिथिलेश्वर, नर्मदेश्वर मिश्र, राजन वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे