युवक पर हुए हमले के विरोध में हिंदू संगठनों ने की आलोचना, सांसद ने भेजी टीम
रामगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक विशेष समुदाय की ओर से ऋतिक दांगी नामक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले के विरोध में जिले के तमाम हिंदू संगठन एक मंच पर आ गए हैं। सभी लोगों ने इस घटना की निंदा की और विशेष समुदाय से जुड़े आरोपितों को जेल भेजने की मांग की। सांसद मनीष जायसवाल और गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने भी हमले की इस घटना की निंदा की है। सांसद मनीष जायसवाल ने पार्टी स्तर पर एक टीम बनाकर गोला थाना भेजकर ऋतिक दांगी पर हुए हमले की जांच कराई।
मामले पर सांसद मनीष जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला है जिसमें उन्होंने हमले को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताया है। वहीं मामले पर प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इधर, मामले पर गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गोला थाना क्षेत्र में हुई घटना को लेकर कानून और व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि पिता पर लगे आरोप के कारण उसके निर्दोष पुत्र को सैकड़ों लोगों की भीड़ ने सरेआम सड़क पर पीटा। यह किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नहीं है। यह कृत्य अमानवीय है और न्याय व्यवस्था के मूल सिद्धांतों के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि यह घटना थाना के समक्ष पुलिस की उपस्थिति में हुई जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। कानून के संरक्षण का दायित्व निभाने वाली व्यवस्था के सामने ही भीड़ अन्याय करे तो समाज में कानून का भय खत्म हो जाएगा। यदि समाज में विकृति पनपाने वालों की भीड़ ही आरोप तय करे और दंड निर्धारित करे तो कानून का राज खत्म हो जाएगा। उन्होंने रामगढ़ जिला प्रशासन से इस मामले में गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करने की मांग की है।
गुरुवार को हिंदू जागरण मंच और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता ऋतिक दांगी से मिलने उनके घर पहुंचे। साथ ही गोला थाना में भी पुलिस से वार्ता की। मामले पर हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष सत्यजीत चौधरी ने बताया कि ऋतिक दांगी पर भीड़ ने जिस प्रकार हमला किया, उससे उनकी जान भी जा सकती थी। एक वर्ग विशेष की भीड़ की ओर से निर्दोष युवक पर किए गए हमले को उन्होंने मॉब लिंचिंग करार दिया है। उन्होंने सभी दोषियों को जेल भेजना की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश