कैंब्रियन स्कूल में मनाया गया हिंदी दिवस
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि हिंदी केवल राजभाषा और संपर्क की भाषा नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को जोड़ने वाली भाषा भी है।
उन्होंने कहा कि भारत भाषाई विविधताओं से समृद्ध देश है, जहां अनेक भाषाएं और बोलियां बोली जाती हैं। इसके बावजूद हिंदी की अपनी विशिष्ट पहचान है। प्राचार्या ने कहा कि हिंदी साहित्य का संसार अत्यंत व्यापक है। यह भारतीय संस्कृति, संवेदनाओं और भावनाओं को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करता है।
कार्यक्रम के दौरान सिद्धि प्रिया, श्रेया सुमन और शौर्य सिंह ने रामधारी सिंह दिनकर और सुभद्रा कुमारी चौहान की कविताओं का पाठ किया। प्री-प्राइमरी विंग के बच्चों में हिंदी के प्रति रुचि और भाषाई जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
समृद्धि, निकुंज और लाडली कुमारी ने कविता वाचन किया, जबकि कक्षा दो के विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया। कार्यक्रम का संचालन सीनियर विंग में आयुष वर्मा और निधि द्विवेदी और जूनियर विंग में आयुक्ताश्री और अनिल कुमार ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar