झारखंड के मझगांव में सबसे अधिक 183 मिमी बारिश दर्ज
रांची, 13 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य भर में इन दिनों अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में 183.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। यह जानकारी गुरुवार को मौसम विभाग ने दी।
विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.6 डिग्री बोकारो में और सबसे कम न्यूनतम तापमान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इधर, गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर बाद रांची के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। विभाग की ओर से इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही 14 अगस्त को राज्य के ०6 जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की जानकारी दी गई है। विभाग ने जिन ०6 जिलों में भारी बारिश होने का अनुभव अनुमान व्यक्त किया है उनमें सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, लातेहार शामिल हैं।
वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak