सुस्त मानसून के बावजूद बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज
रांची, 17 जुलाई (हि.स.)। झारखंड में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर थम गया है। हालांकि, कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान लातेहार जिले के बालूमाथ में सर्वाधिक 100 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि राजधानी रांची सहित कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी के बावजूद दिनभर गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रांची स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शुक्रवार को बताया कि वर्तमान में झारखंड में व्यापक और अच्छी बारिश की संभावना कम है। दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की सक्रियता कमजोर होने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की ही स्थिति बनी हुई है। हालांकि, आने वाले दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान लातेहार जिले के बालूमाथ में सबसे अधिक 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य इलाकों में भी छिटपुट वर्षा हुई, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।
बारिश की कमी का असर तापमान पर भी देखने को मिला। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस बोकारो में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 22.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बावजूद इसके दिनभर गर्मी और उमस बनी रही। रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से अपेक्षाकृत अधिक रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.6 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि चाईबासा में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak