स्वास्थ्य संस्थानों में बढेगी इंटरनेट हाई स्पीड कनेक्टिविटी, अपर सचिव ने की समीक्षा
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)।
मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नेपाल हाउस में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली, डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन रिपोर्टिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही 15 सितंबर 2026 तक लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि बीएसएनएल की कम इंटरनेट स्पीड के कारण कई स्वास्थ्य संस्थानों में डिजिटल सेवाओं के संचालन में परेशानी आ रही है।
सभी जिलों में 100 एमबीपीएस क्षमता वाली वाई-फाई कनेक्टिविटी शुरू की जा रही है, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 60 एमबीपीएस कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का कार्य चल रहा है। मेडिकल कॉलेजों में यह व्यवस्था लागू हो चुकी है।
बैठक में बिजली की समस्या और पावर फ्लक्चुएशन से डिजिटल सेवाओं में आ रहे व्यवधान पर भी चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने पीएचसी स्तर पर कम से कम 12 घंटे का पावर बैकअप सुनिश्चित करने और इंटरनेट स्पीड बढ़ाने का निर्देश दिया।
सी-डैक ने डिजिटल हेल्थ मिशन की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया। रिम्स की प्रयोगशाला को डिजिटल प्रणाली से लाइव करने का कार्य अंतिम चरण में है। इसके बाद मरीज ऑनलाइन और मोबाइल के माध्यम से लैब रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे। संबंधित कार्य 15 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ई-गवर्नेंस और 104 पोर्टल के माध्यम से एचआरआईएस की भी समीक्षा हुई। एनएचएम संविदाकर्मियों की उपस्थिति को पोर्टल से जोड़कर भुगतान की व्यवस्था 30 सितंबर तक लागू करने की तैयारी है। अधिकारियों और एजेंसियों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कई अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar