उप राष्ट्रपति के देवघर दौरे को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा
देवघर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के उप राष्ट्रपति के 10 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित देवघर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिसदन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड, रांची स्थित श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के निदेशक एवं प्रतिनियुक्त वरीय प्रभारी मनीष रंजन ने की।
बैठक में देवघर एयरपोर्ट, एम्स और सैन्य संपर्क मेला के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं।
बैठक के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने उप राष्ट्रपति के देवघर एयरपोर्ट पर आगमन से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक की प्रशासनिक एवं बुनियादी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। साथ ही, सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति, सड़क व्यवस्था, अग्निशमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उप राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रम के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, एम्स एवं एयरपोर्ट के प्रतिनिधि, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, स्थापना उपसमाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, मुख्यालय डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा विद्युत, पथ निर्माण विभाग (आरसीडी), राष्ट्रीय राजमार्ग, भवन निर्माण विभाग (बीसीडी), अग्निशमन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर उप राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर जोर
दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy