श्रावणी मेले में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, 2,850 रुपये में होगा आकाशीय दर्शन

 


देवघर, 04 अगस्त (हि.स.)।

राजकीय श्रावणी मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंगलवार से देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई है। झारखंड सरकार की पहल पर शुरू हुई इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालु कम समय में बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकूट पर्वत का आकाशीय दर्शन कर सकेंगे।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन) के सौजन्य से शुरू की गई इस सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की ओर से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और किफायती हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उपायुक्त ने बताया कि देवघर और बासुकीनाथ के 87 से 10 मिनट के आकाशीय परिदर्शन का किराया 2,850 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं देवघर से त्रिकूट पर्वत के 10 से 15 मिनट के हवाई परिदर्शन के लिए 3,750 रुपये और देवघर से बासुकीनाथ की 15 मिनट की एकतरफा उड़ान का किराया 4,500 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

श्रद्धालु हथगढ़ मैदान स्थित टिकट काउंटर से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग के लिए डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट झारखंड एविएशन डॉट इन वेबसाइट और पूछताछ के लिए 9122583111 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को हेलीपैड की सुरक्षा, सुचारू संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy