एचईसी के कामगारों को 13 अप्रैल को मिलेगा एक माह का वेतन : लीलाधर
रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (एचईसी) के कर्मचारियों को लंबे इंतज़ार के बाद 13 अप्रैल को एक महीने का वेतन दिया जाएगा। यह जानकारी हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महासचिव लीलाधर सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।
उन्होंने बताया कि एचईसी पिछले कई वर्षों से वित्तीय संकट से जूझ रही है और कामगारों को करीब 29 माह से नियमित वेतन नहीं मिल पाया है। इस कारण कर्मचारियों को बच्चों की फीस, किताबें और रोजमर्रा के खर्चों को लेकर गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर श्रमिक संगठनों के नेताओं लीलाधर सिंह, प्रकाश कुमार, रमाशंकर प्रसाद और शनि सिंह ने प्रबंधन के निदेशक (उत्पादन) और निदेशक (वित्त) से मुलाकात कर जल्द वेतन भुगतान की मांग की थी।
प्रबंधन ने दो दिनों का समय लेकर चेयरमैन से चर्चा के बाद निर्णय लेने की बात कही थी। बाद में प्रबंधन की ओर से सूचित किया गया कि संसाधनों की व्यवस्था कर सोमवार, 13 अप्रैल को एक माह का वेतन भुगतान किया जाएगा। साथ ही कामगारों से उत्पादन कार्य बाधित नहीं करने का आग्रह भी किया गया है।
श्रमिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कामगारों को कुछ राहत मिलेगी, हालांकि बकाया वेतन के पूर्ण भुगतान की मांग अभी भी जारी रहेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar