एचईसी कर्मचारियों ने मेडिकल सुविधा बढ़ाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। एचईसी मुख्यालय के समक्ष शनिवार को कर्मचारियों ने विशाल सभा और प्रदर्शन कर मेडिकल सुविधा बढ़ाने तथा काटी गई सभी सुविधाओं को तत्काल बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व हटिया कामगार यूनियन एटक के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने किया, जबकि सभा की अध्यक्षता आरके शाही ने की।
इस मौके पर लालदेव सिंह ने कहा कि एचईसी कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए चिकित्सा सुविधा की वार्षिक सीमा तीन लाख रुपये निर्धारित है, जो वर्तमान समय में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कई अन्य सरकारी उपक्रमों में इलाज के खर्च की ऐसी सीमा नहीं है और वास्तविक चिकित्सा खर्च का भुगतान संस्थान की ओर से किया जाता है। उन्होंने प्रबंधन से कर्मचारियों की मेडिकल सुविधा तत्काल बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने एचईसी में ओपीडी सुविधा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि एचईसी की जमीन पर पीपीपी मॉडल के तहत संचालित पारस अस्पताल को अपेक्षाकृत कम दर पर जमीन उपलब्ध कराई गई है और इसके बदले अस्पताल एचईसी को सालाना करीब 35 लाख रुपये देता है। कर्मचारियों ने मांग की कि पारस अस्पताल में एचईसी कर्मचारियों और उनके आश्रितों को ओपीडी से लेकर भर्ती तक निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
सभा में एचईसी कर्मचारी प्रकाश चंद्र की पत्नी पूजा कुमारी के पारस अस्पताल में चल रहे इलाज का मामला भी उठाया गया। कर्मचारियों ने एचईसी की आर्थिक स्थिति के कारण इलाज जारी रखने में परेशानी का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई।
सभा को लालदेव सिंह और एमपी रामचंद्र ने संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आर्थिक अभाव के कारण पूजा कुमारी के इलाज में कोई अनहोनी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने और अनिश्चितकाल के लिए एचईसी मुख्यालय जाम करने का निर्णय लिया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में एचईसी कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar