एचईसी प्रबंधन एनसीएलटी के फैसले के खिलाफ करेगा अपील : कंठ
रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। एचईसी प्रबंधन एनसीएलटी के फैसले के खिलाफ अपीलीय न्यायालय में अपील करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। अपील दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा पांच दिसंबर 2026 निर्धारित है। यह जानकारी कंपनी सचिव अभय कंठ ने मंगलवार को एचईसी मुख्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में दी।
इस अवसर पर इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव सह हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि निदेशक मंडल निलंबित है, लेकिन वेतन पर्ची जारी नहीं करने का कोई आदेश नहीं है।
वित्त प्रभारी को वेतन पर्ची जारी करने का निर्देश देना चाहिए। उन्होंने बताया कि बुधवार को
एचईसी मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।
मौके पर कंपनी सचिव के आग्रह पर बैठक में एचईसी के महाप्रबंधक, वरीय उप महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और विभिन्न यूनियनों के महामंत्री एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। अभय कंठ ने यूनियन प्रतिनिधियों से अपना आंदोलन जारी रखने के साथ मीडिया और केंद्र सरकार के स्तर पर प्रयास तेज रखने की अपील की। उन्होंने आपसी समन्वय बनाए रखने और नई सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर भी जोर दिया। लीलाधर सिंह ने कर्मचारियों से घबराने के बजाय एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपील के बाद स्थगन आदेश मिलने की उम्मीद है।
बैठक में महाप्रबंधक, वरीय उप महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और सभी यूनियनों के महामंत्री सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar