एचईसी में 300 करोड़ बकाया पीएफ पर सोसिएशन ने जताई नाराजगी

 


रांची, 23 सितंबर (हि.स.)।

हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (एचईसी), रांची में कर्मचारियों के पीएफ अंशदान की राशि लंबे समय से ईपीएफ खाते में जमा नहीं होने का मामला सामने आया है।

एचईसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम शंकर पासवान ने नाराजगी जताते हुए बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जनवरी 2021 से कर्मचारियों का पीएफ अंशदान और अप्रैल 2022 से नियोक्ता का पीएफ योगदान जमा नहीं किया गया है जो बढ़कर बकाया राशि अब 300 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। लेकिन इसका भुगतान नहीं किया जाना बेहद दुखद है।

पासवान ने बताया कि इस मामले से एचईसी प्रबंधन, भारी उद्योग मंत्रालय, क्षेत्रीय पीएफ कमिश्नर रांची और केंद्रीय पीएफ कमिश्नर को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया है।

लेकिन अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हर महीने सेवानिवृत्त होने वाले और इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को उनकी पीएफ राशि का भुगतान नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन के अनुसार कर्मचारियों की सैलरी स्लिप और बैंक स्टेटमेंट की प्रतियां आठ जून 2026 को पीएफ कमिश्नर, रांची को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई थीं। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि अबतक बकाया राशि की वसूली के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई नहीं होने पर एसोसिएशन ने कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar