दशहरा से पहले तीन माह का वेतन भुगतान की मांग, एचईसी मुख्यालय पर नौ को आमसभा

 


रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को धुर्वा स्थित यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष कामरेड लालदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एचईसी कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को लेकर चर्चा की गई।

लालदेव सिंह ने कहा कि एचईसी कर्मचारियों का 32 महीने का वेतन बकाया है। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारी और उनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। स्कूल, राशन, घर-गृहस्थी और इलाज जैसी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि दशहरा का त्योहार सामने है, इसलिए प्रबंधन को अविलंब वेतन भुगतान करना चाहिए।

महासचिव एमपी रामचंद्रन सहित अन्य यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यूनियन को ठोस जानकारी मिली है कि प्रबंधन के पास तीन महीने का वेतन भुगतान करने के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है। उन्होंने मांग की कि दशहरा से पहले कर्मचारियों को कम से कम तीन महीने का वेतन भुगतान किया जाए।

वेतन भुगतान की मांग को लेकर नौ अक्टूबर 2026 को दिन के एक बजे एचईसी मुख्यालय के समक्ष आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। यूनियन के अनुसार, आमसभा के माध्यम से प्रबंधन पर वेतन भुगतान के लिए दबाव बनाया जाएगा। यूनियन ने एचईसी कर्मचारियों से बड़ी संख्या में मुख्यालय पहुंचकर आमसभा को सफल बनाने की अपील की।

बैठक में महासचिव एमपी रामचंद्रन, अध्यक्ष आरके शाही, कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन रविदास, उपमहासचिव परवीन कुमार, सचिव कमलेश भारतीय, श्यामनंदन, अनिल कुमार, संत सुजित सुजान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar