एचईसी प्रबंधन हर माह कर्मचारियों की बैंक किस्त करे जमा : लालदेव

 


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन एटक के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने एचईसी प्रबंधन से कर्मचारियों के बैंक ऋण की किस्त हर माह नियमित रूप से जमा करने की मांग की है।

उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कर्मचारियों को वेतन मिले या नहीं। एचईसी प्रबंधन हर माह बैंक की किस्त जमा करे, ताकि विलंब शुल्क और अतिरिक्त ब्याज का बोझ न बढ़े। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर मानवाधिकार संस्थाओं से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।

लालदेव सिंह ने कहा कि एचईसी प्रबंधन और बैंकों के बीच हुए समझौते के अनुसार कर्मचारियों के वेतन से बैंक ऋण की किस्त काटकर बैंक में जमा की जानी है। एचईसी कर्मचारियों का लगभग 34 माह का वेतन बकाया चल रहा है।

वेतन नहीं मिलने के बावजूद बैंक ऋण की किस्त नियमित रूप से जमा नहीं हो रहा है। इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों पर किस्त के साथ ब्याज और विलंब शुल्क का बोझ बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 87 कर्मचारियों का वेतन जब भी बैंक खाते में पहुंचता है, बैंक बकाया किस्त, ब्याज और लेट फाइन की राशि काट लेता है।

इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और कई परिवार भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने हाल में आर्थिक संकट के कारण एक परिवार द्वारा आत्महत्या के प्रयास का भी उल्लेख किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar