एचईसी के विद्यालयों में निगमकर्मियों के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की मांग
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। एचईसी मजदूर संघ ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में एचईसी परिसर स्थित सभी विद्यालयों में निगमकर्मियों के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने एचईसी प्रबंधन से इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है।
रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि एचईसी परिसर की जमीन और बुनियादी सुविधाओं पर संचालित विद्यालयों की स्थापना मुख्य रूप से निगमकर्मियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इसके बावजूद नामांकन के दौरान कर्मचारियों और उनके बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जो अन्यायपूर्ण है।
संघ ने प्रबंधन से सभी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक बुलाकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि सभी विद्यालयों में एचईसी कर्मियों के बच्चों के लिए प्राथमिकता के आधार पर सीटें सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, नामांकन में आनाकानी या मनमानी करने वाले विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का शिक्षण शुल्क माफ करने की मांग भी की। उनके अनुसार, पूर्व में कक्षा 10वीं तक के विद्यार्थियों को शुल्क माफी का लाभ देने संबंधी सर्कुलर जारी किया गया था, लेकिन उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए इस व्यवस्था की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar