बकाया वेतन से एचईसी कर्मियों का आर्थिक संकट चरम पर : लालदेव
रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा है कि समय रहते मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यहां भी नोएडा और पानीपत जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों के वेतन में वृद्धि नहीं होने और लंबित भुगतान पर गंभीर चिंता का विषय है, जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लालदेव ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए बताया कि एचईसी में कर्मचारियों का करीब 26 माह का वेतन बकाया है, जिससे मजदूरों के सामने आर्थिक संकट चरम पर है। कर्मचारियाें की स्थिति बद से बदत्तर होती जा रही है। इसके अलावे उन्होंने कहा कि सीपीएफ मद में कटौती के बावजूद ट्रस्टी में भी राशि जमा नहीं होने से कर्मचारियों को लोन नहीं मिल पा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और पारिवारिक जरूरतें प्रभावित हो रही हैं।
लालदेव सिंह ने कहा कि कारखाने में नए कार्यादेशों की कमी से भविष्य और भी अनिश्चित हो गया है। मार्च 2026 के बाद नए ऑर्डर नहीं मिलने की स्थिति में वेतन भुगतान संकट और बढ़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर मजदूरों की समस्याओं के समाधान की मांग की है, अन्यथा निगम में असंतोष और आंदोलन की स्थिति बन सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar