झारखंड में भारी बारिश से नदियां उफान पर, रांची के कई इलाकों में जलभराव
रांची, 18 अगस्त (हि.स.)। झारखंड और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बने निम्न दबाव के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। मंगलवार को स्कूली बच्चों और आम लोगों को आवागमन तथा दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा।
रांची के अपर बाजार, पंडरा, हरमू, विद्यानगर, पंचशीलनगर, धुर्वा, चुटिया, कोकर, डोरंडा और अशोक नगर समेत कई इलाकों में सड़कों और घरों में बारिश का पानी जमा हो गया। नामकुम में स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। चुटिया और नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे से करीब एक फीट नीचे पानी बह रहा है। जर्जर पुल को लेकर आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगस्त में अब तक राज्य में अच्छी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की बारिश महीने में दो-तीन बार हो जाए तो कृषि कार्य और पेयजल की स्थिति के लिए यह लाभकारी होगी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश बेड़ो में दर्ज की गई। रांची के हीनू और कांके में 55-55 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 203 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में दर्ज हुई।
राज्य में अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक जून से 18 अगस्त तक 689.8 मिलीमीटर के सामान्य के मुकाबले 606.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम है।
रांची में 713.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से एक प्रतिशत कम है। बोकारो में 440 मिलीमीटर (28 प्रतिशत कम), चतरा में 320.9 मिलीमीटर (50 प्रतिशत कम), देवघर में 351.1 मिलीमीटर (46 प्रतिशत कम), धनबाद में 643.8 मिलीमीटर (नौ प्रतिशत कम), दुमका में 602.3 मिलीमीटर (13 प्रतिशत कम) और पूर्वी सिंहभूम में 747.4 मिलीमीटर (एक प्रतिशत कम) बारिश हुई है।
गढ़वा में 301.2 मिलीमीटर (51 प्रतिशत कम), गिरिडीह में 402.4 मिलीमीटर (38 प्रतिशत कम), गोड्डा में 431.2 मिलीमीटर (28 प्रतिशत कम), गुमला में 550.6 मिलीमीटर (24 प्रतिशत कम), हजारीबाग में 482.6 मिलीमीटर (32 प्रतिशत कम), जामताड़ा में 578.6 मिलीमीटर (19 प्रतिशत कम) और खूंटी में 811.8 मिलीमीटर (10 प्रतिशत कम) बारिश रिकॉर्ड की गई।
कोडरमा में 321.5 मिलीमीटर (45 प्रतिशत कम), लातेहार में 629.7 मिलीमीटर (10 प्रतिशत कम), लोहरदगा में 632.5 मिलीमीटर (सात प्रतिशत कम), पाकुड़ में 356.8 मिलीमीटर (54 प्रतिशत कम), पलामू में 367.4 मिलीमीटर (35 प्रतिशत कम), रामगढ़ में 534.3 मिलीमीटर (23 प्रतिशत कम) और साहिबगंज में 624.4 मिलीमीटर (20 प्रतिशत कम) बारिश हुई।
सरायकेला-खरसावां में 755.2 मिलीमीटर (10 प्रतिशत कम), सिमडेगा में 953.4 मिलीमीटर (सात प्रतिशत कम) और पश्चिमी सिंहभूम में 1015.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak