लगातार तीसरे दिन हुई भारी बारिश से रामगढ़ हुआ बेहाल

 




रामगढ़, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शुक्रवार को भी लगातार बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। ब्लॉक चौक, बिजुलिया, टायर मोड़ सहित कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा भुरकुंडा, पतरातु, गोला, चितरपुर इलाके में भी जल जमाव से लोगों को भारी परेशानी हुई।

लगातार बारिश के बीच सड़कों पर पानी जमा होने से कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। सड़क पर पानी और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण लंबी कतारें लग गईं और कई जगह जाम जैसी स्थिति बन गई। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। बारिश के बीच लोग पानी से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते नजर आए।

शहर के ब्लॉक क्षेत्र, बिजुलिया, टायर मोड़ सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर बारिश का पानी जमा रहा। कई जगह सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा नजर आया। जलजमाव के कारण पैदल राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजनों और पर्यटकों से जल स्रोतों के पास जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से नदी, तालाब, जलप्रपात और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने एवं अनावश्यक रूप से ऐसे स्थानों पर नहीं जाने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश