झारखंड के 10 जिलों में 27 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट
-आकाशीय बिजली और तेज हवा की चेतावनी
रांची, 24 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लातेहार, चतरा और गिरिडीह शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य में 28 अगस्त तक अलग-अलग जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडूंगी में राज्य में सबसे अधिक 97 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान गुमला में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में सबसे कम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के कारण मौसम सुहाना रहा और तापमान में गिरावट के चलते वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.1 और न्यूनतम 25.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 25.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.8 और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित ज़िलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खास तौर पर लोगों से कहा गया है कि वे बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के दौरान खुली जगहों पर जाने से बचें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak