झारखंड में गर्मी और उमस से लोग परेशान, 26 जून तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी

 


रांची, 20 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में इन दिनों गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं और वातावरण में नमी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। हालात ऐसे हैं कि नहाने के कुछ ही देर बाद शरीर दोबारा पसीने से तर-बतर हो जा रहा है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।

इस बीच मौसम विभाग ने राज्यवासियों के लिए राहत और सावधानी दोनों की सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार, 26 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक वर्षा पलामू जिले के लेस्लीगंज क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 84 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का प्रभाव बरकरार है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें, तो पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टेनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में इस अंतर के बावजूद राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।

शनिवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा। राजधानी में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जो उमस बढ़ने का प्रमुख कारण बनी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में अधिक नमी और तापमान के संयुक्त प्रभाव से लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पलामू के डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसी प्रकार बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के प्रभाव से आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak