बरसात में मलेरिया नियंत्रण पर स्वास्थ्य विभाग रहे अलर्ट : मंत्री
रांची, 17 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्यभर में मच्छरजनित और जलजनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूरे स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने रांची, खूंटी और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के सिविल सर्जन को मलेरिया नियंत्रण अभियान युद्धस्तर पर चलाने और प्रत्येक मरीज की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह स्वयं जिलों का दौरा कर अभियान की समीक्षा करेंगे। मलेरिया से एक भी जान नहीं जानी चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से बुखार या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों की टीम के साथ रांची एवं आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर मलेरिया नियंत्रण अभियान और स्वास्थ्य सेवाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात की, उपचार व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को फॉगिंग, इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस), एंटी-लार्वा अभियान, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और घर-घर सर्वे तेज करने के निर्देश दिया।
डॉ अंसारी ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मलेरिया जांच, आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन, एंबुलेंस सहित अन्य जीवनरक्षक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, टाइफाइड और अन्य मौसमी संक्रामक रोगों की भी सतत निगरानी करने के निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar