अपना घर आश्रम में रहनेवाले 80 लोगों के स्वास्थ्य की हुई जांच
रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट की ओर से संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में सोमवार को हेल्थ केयर के सहयोग से एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में 80 लोगों की जांच की गई। आश्रम में रह रहे निराश्रित सहित अन्य, सेवा कर्मियों का शुगर, रक्तचाप, वजन, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आवश्यक जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया। इसके साथ ही खान-पान, नियमित दिनचर्या, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल को लेकर जरूरी सुझाव दिया गया। इस अवसर पर डॉ सुरेंद्र प्रसाद ने मरीजों की जांच कर उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया। जांच कार्य में रविंद्र कुमार, अरुण कुमार और विकास पासवान का सहयोग रहा।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आश्रम में रहने वाले निराश्रित प्रभुजनों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के लिए हर माह स्वास्थ्य जांच कराई जाती है। शिविर को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों का योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar