हजारीबाग के बरकागांव में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को किया गया जागरूकता

 


हजारीबाग, 11 अप्रैल (हि.स.)। हजारीबाग में बड़कागांव के गोंदुलपारा खनन परियोजना क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन की ओर से उत्क्रमित मध्य विद्यालय में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।

इस शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आयुषी कमल, डॉ. सुधांशु शेखर और एएनएम संगीता कुमारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान कुल 38 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में 33 हीमोग्लोबिन टेस्ट, 6 शुगर टेस्ट और 13 ब्लड प्रेशर जांच शामिल थीं। हीमोग्लोबिन जांच में 12 मरीजों में कमी पाई गई, जिन्हें संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी गई और आयरन की गोलियां भी उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा महिलाओं के बीच 70 सैनिटरी पैड का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को टीबी (क्षय रोग) और मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि टीबी मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करने वाली संक्रामक बीमारी है, जो खांसने, छींकने या थूकने से फैलती है। लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना और रात में पसीना आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समय पर पूरा उपचार लेने से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

अदाणी फाउंडेशन द्वारा बड़कागांव प्रखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर, स्कूलों के उन्नयन, कौशल विकास प्रशिक्षण और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में प्रयास जारी हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे