रांची में डॉक्टरों ने 10 किलो की कैंसरग्रस्त ट्यूमर की गांठ सफलतापूर्वक निकाली
-एचसीजी-अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल के डॉक्टरों ने की जटिल सर्जरी
रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। रांची स्थित एचसीजी-अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर 41 वर्षीय महिला के शरीर से करीब 10 किलोग्राम वजन का कैंसरग्रस्त ओवेरियन ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। साढ़े तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने महिला को हृदय और फेफड़ों के काम करना बंद करने जैसी गंभीर जटिलताओं से बचाया।
अस्पताल की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) डॉ. संदीप कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने यह ऑपरेशन किया। महिला तीन बच्चों की मां और ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्हें पेट में सूजन और दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही थी। जांच में ट्यूमर का आकार 35 सेंटीमीटर से अधिक पाया गया। यह डायफ्राम पर दबाव डाल रहा था, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।
महिला मधुमेह से भी पीड़ित थीं। करीब 12 वर्ष पहले उनकी गर्भाशय निकालने की सर्जरी भी हो चुकी थी। आर्थिक कठिनाइयों और उचित स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में बीमारी की पहचान होने में देरी हुई।
सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने ट्यूमर के साथ बचे हुए अंडाशय और पेल्विक लिम्फ नोड्स को भी निकाल दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला को छुट्टी दे दी गई है। अंतिम हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद आगे कीमोथेरेपी की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar