श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति भाव से मनी हनुमान जयंती
रांची, 02 अप्रैल (हि.स.)।
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में गुरुवार को प्रणामी ट्रस्ट की ओर से हनुमान जयंती समारोह बेहद श्रद्धा और भक्ति
भाव के साथ मनाई गई। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
मंदिर को हनुमान ध्वजों से सजाया गया था, वहीं श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार पीले वस्त्र और आभूषणों से किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
पूजा-अर्चना आचार्य अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराई। इस दौरान भगवान को बेसन लड्डू, केसरिया पेड़ा, मेवा, फल एवं खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
कार्यक्रम में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ भजनों के साथ किया गया, जिससे वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। इसके बाद सामूहिक महाआरती में सभी ने भाग लिया और जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने हनुमान जी को सेवा, समर्पण और भक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
अनुष्ठान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar