लंबित शिकायतों की जांच और जागरूकता अभियान की मांग को लेकर हमर अधिकार मंच ने लोकायुक्त को सौंपा ज्ञापन

 


रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। हमर अधिकार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में झारखंड के लोकायुक्त न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में भ्रष्टाचार से संबंधित लंबित शिकायतों की त्वरित जांच कराने और सभी जिलों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लोकायुक्त को फुटपाथ विक्रेताओं, यातायात नियमावली और नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रकाशित पुस्तक भी भेंट की। इसके साथ सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोकायुक्त कार्यालय में भ्रष्टाचार से जुड़ी 3000 से अधिक शिकायतें लंबित पड़ी हैं, जिनकी जांच में तेजी लाना आवश्यक है।

मंच की ओर से यह मांग रखी गई कि झारखंड के सभी 24 जिलों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि आम नागरिकों को लोकायुक्त की शक्तियों, अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मिल सके। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि जानकारी के अभाव में कई लोग भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत दर्ज नहीं करा पाते, जिससे दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं हो पाती।

हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि यदि लोगों को लोकायुक्त व्यवस्था की सही जानकारी मिले, तो वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अधिक प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आम जनता की भागीदारी जरूरी है।

इस अवसर पर दीपेश निराला ने मंच की ओर से आयोजित आरटीआई कार्यशाला, मानवाधिकार जागरूकता कार्यक्रम और सिविल राइट्स अभियानों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंच लगातार नागरिक अधिकारों, पारदर्शिता और सुशासन के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रहा है।

लोकायुक्त न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और शिकायतों की जांच प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर जिलों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को लोकायुक्त व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में रेणुका तिवारी, उमाशंकर सिंह, विनोद जैन बेगवानी, मनीष बक्शी, जूही कुमारी चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने लोकायुक्त से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar