जिम का संचालक युवती को लेकर फरार, दोनों पहुंचे थाना

 




दुमका , 23 सितंबर (हि.स.)। शहर के धर्मस्थान मंदिर के सामने खुले फिटलाइन प्रीमियम जिम का संचालक सूरज साह जिम करने वाली युवती को लेकर फरार हो गया। पुलिस के कहने पर वह बुधवार को युवती को लेकर स्वयं नगर थाना लेकर आ गया। पुलिस युवती के बयान का इंतजार कर रही है। देर शाम तक दोनों थाना में थे और युवती का बयान नहीं लिया जा सका था।

बताया जाता है कि सदर प्रखंड की लखीकुंडी पंचायत की रहने वाली युवती जिम करने के लिए आती थी। सूरज और उसमें पहले से जान पहचान थी। 20 सितंबर को सूरज युवती को लेकर फरार हो गया। युवती घर नहीं पहुंची तो घरवालों ने नगर थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस ने सूरज और उसके घरवालों से संपर्क किया और तत्काल थाना आने को कहा। दो दिन बाहर रहने के बाद बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे सूरज युवती के साथ थाना आ गया। हालांकि देर शाम तक युवती का बयान नहीं हो सका था। दोनों बालिग हैं। सूरज की माने तो वह युवती को पिछले साल से जानता है और दोनों में करीब का रिश्ता है। युवती की रजामंदी पर वह उसे लेकर गया। वह युवती से शादी करना चाहता है। पुलिस का कहना है कि युवती का बयान लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने कहा कि युवती के घरवालों ने मामला दर्ज नहीं कराया था। दोनों स्वयं थाना आए। युवती के घरवाले उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अभिभावक की मर्जी जानने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार