गुरु पूर्णिमा पर ब्रह्मलोकधाम में दिनभर गूंजे भक्ति के स्वर
पूर्वी सिंहभूम, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय युगवशिष्ठ ब्रह्मानन्द संघ की ओर से कदमा स्थित ब्रह्मलोकधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ बुधवार काे संपन्न हुआ। श्री मोनू भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल महाश्रृंगार से हुई, जिसके बाद नगर कीर्तन, महाआरती, ध्वज तोलन, ध्वज अभिवादन और सामूहिक जाप का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ श्री श्री गुरु पूजन, हवन-होम और भजन-कीर्तन में सहभागिता निभाई। पूरे दिन ब्रह्मलोकधाम का वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
वहीं सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने गुरु कृपा प्राप्त कर अपने जीवन में सुख,शांति और समृद्धि की कामना की।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक