गुरुनानक स्कूल में रही डांडिया और गरबा की धूम

 


रामगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुनानक पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक ‘देसी बीट्स, गरबा फीट’ गरबा कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार काे किया गया। भारतीय संस्कृति, लोकनृत्य और पारंपरिक उत्सवों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डांडिया की थाप, संगीत की मधुर धुन और मनोरंजक खेलों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष की पत्नी देवेंदर कौर अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शिक्षिका सिमरन ने अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं, शिक्षिका अर्शी सुल्ताना और मनप्रीत कौर की स्वागत गीत प्रस्तुति ने वातावरण को मधुर और आनंदमय बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डांडिया नृत्य की तीन मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से प्रतिभागियों ने भारतीय लोकसंस्कृति की खूबसूरत झलक पेश की। इसके साथ ही लकी नंबर, पंचलाइन से नाम पहचानो और तंबोला जैसे मनोरंजक खेलों ने कार्यक्रम में उत्साह और रोमांच भर दिया।

माताओं ने पूरे जोश और उमंग के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

मौके पर विद्यालय की हेड मिस्ट्रेस मधुश्री सिंह ने सभी माताओं का अभिनंदन करते हुए उन्हें मातृशक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में माता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में माताओं की सक्रिय सहभागिता की प्राचार्य ने भी सराहना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं और शिक्षकों सिमरन कौर, तनीषा कुमारी, शिल्पा कुमारी, किरण कुमारी, सृष्टि स्वरूप, प्रबलीन, गुरमीत, निशा सिंह, राशि, लिपि सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश