गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 22 को, निकाली गई अंतिम प्रभात फेरी
रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी की ओर से अंतिम दिन शुक्रवार को प्रभात फेरी निकाली गई। इसी के साथ ही शहर की तमाम प्रभातफेरियों का समापन हो गया।
तड़के सुबह प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब के पार्किंग गेट से निकल कर मेट्रो गली, रातू रोड होते हुए नागा बाबा खटाल चौक पहुंची जहां इसका मिलन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मेन रोड एवं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, पिस्का मोड़ की प्रभातफेरियों से हुआ। वहां से तीनों प्रभातफेरियां सम्मिलित होकर महावीर चौक, कुंजलाल स्ट्रीट, शास्त्री मार्केट, डेली मार्किट होते हुए मेन रोड गुरुद्वारा साहिब पहुंच कर अरदास के साथ समाप्त हो गई।
इसी के साथ गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पिछले 13 दिनों से निकाली जा रही शहर की तमाम प्रभावफेरियों का समापन हो गया।
प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं ने सतगुरू नानक परगटया मिट्टी धुंध जग चानन होआ..और कल तारण गुरुनानक आया...एवं देह शिवा वर मोहे इहे शुभ करमन ते कबहुं ना टरौं... जैसे अनेक शबद गायन कर पूरे शहर को नानकमय कर दिया।
फेरी का तारा हैंडलूम, एसके सूट एंड साड़ीज, कुंजलाल स्ट्रीट दुकानदार एसोसिएशन, शास्त्री मार्केट एसोसिएशन और नटराज होटल डेली मार्केट ने पुष्प वर्षा एवं चाय तथा मिष्टान्न प्रसाद का वितरण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर गुरु सिंह सभा की ओर से गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया।
सरदार छोटू सिंह ने निशान साहिब उठाकर फेरी की अगुवाई की और मनीष मिढा ने श्रद्धालुओं के घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने अरदास की।
गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा ने श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 22 नवंबर को कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा मैदान में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा जिसमें सिख पंथ के महान कीर्तनी जत्था भाई गुरमनप्रीत सिंह दिल्ली वाले विशेष रूप से शिरकत करेंगे। राज्यपाल संतोष गंगवार समारोह के मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ विशिष्ट अतिथि होंगे।
इसके अलावा झारखंड सरकार में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रांची के विधायक सीपी सिंह सहित अन्य गन्यमान्य शामिल होंगे।
विशेष दीवान की समाप्ति के बाद दोपहर तीन बजे गुरुद्वारा मैदान,कृष्णा नगर कॉलोनी से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा जो रातु रोड,प्यादा टोली,गांधी चौक,शहीद चौक,अल्बर्ट एक्का चौक,डेली मार्केट,चर्च कॉम्लेक्स,लाला लाजपत राय चौक से होते हुए पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल परिसर पहुंचकर रात में बजे समाप्त होगा।
गुरुनानक सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने राज्य के सभी सिख धर्मावलंबियों से प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सजाए जा रहे सभी दीवानों में हाजिरी लगाने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak