जीएसटी घोटाले का किंगपिन, अमित केसरी और विकास को ढूंढ रही पुलिस

 


रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले में गरीबों के नाम पर जीएसटी नंबर लेकर करोड़ की उगाही करने वाले गैंग के पीछे पुलिस लग चुकी है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर कुजू ओपी के बोंगाबार निवासी योगेंद्र महतो ने जब पुलिस को आवेदन दिया तो एसपी भी सक्रिय हो गए। कुजू पुलिस अमित केसरी और विकास नाम के युवक की तलाश कर रही है। इन दोनों ने मिलकर ही मासूम ग्रामीणों को राशन और रुपए का प्रलोभन दिया। इस प्रलोभन में सैकडों गरीबों का परिवार फंस गया।

अमित केसरी के घर में तोड़फोड़ से लेकर जीएसटी घोटाले की पुलिस जांच के बाद मामले में कई अहम खुलासे हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि अमित केशरी जीएसटी घोटाले का एक महज छोटा प्यादा है, जबकि पर्दे के पीछे बैठा नटवर लाल खूब मलाई काटा है। चर्चा यह है कि सिंडिकेट से जुड़े लोग नेटवर्क पर हुई कार्रवाई को कैसे मैनेज किया जाए, इसपर मेहनत कर रहे हैं।

जीएसटी घोटाले का मामला अब केवल एक नाम या एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। अमित केसरी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है। अमित केसरी जीएसटी सिंडिकेट की बड़ी कड़ी हो सकता है।

इस मामले में धनबाद और कोलकाता का नाम भी चर्चा में है। मामले में सवाल उठ रहा है कि क्या जीएसटी नेटवर्क की आर्थिक और कारोबारी कड़ियां इन शहरों तक फैली हुई हैं। क्या वहां से कंपनियों, कारोबारियों या अन्य माध्यमों के जरिए लेन-देन संचालित होता था। इन सवालों का जवाब तभी मिलेगा जब दस्तावेजों, बैंकिंग लेन-देन, कंपनी रिकॉर्ड और जीएसटी रिटर्न की गहन जांच होगी।

अमित केसरी के घर पर तोड़फोड़ की घटना और जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले ने पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। पुलिस जानना चाहती है कि ग्रामीण महिलाओं के कैसे लालच में फंसाकर उनका दस्तावेज़ हासिल कर ग़लत तरीक़े से जीएसटी लेकर फर्जीवाड़ा किया गया है। इसलिए मामले में पुलिस काफ़ी गंभीर है, क्योंकि मामले में करोडों रुपए का टर्नओवर हुआ है।

इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच होने पर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। जांच में संबंधित कंपनियों, जीएसटी पंजीकरण, संदिग्ध लेन-देन, फर्जी बिलिंग और वित्तीय गतिविधियों की पड़ताल बेहद जरूरी है। केवल सामने दिख रहे चेहरों तक जांच सीमित रही तो नेटवर्क के असली संचालक बच सकते हैं।

इधर, ग्रामीणों के हो-हल्ला के बाद अमित केशरी नाम सामने आने के बाद एक नाम और काफ़ी तेजी से सामने आया है। उसका नाम है विकास। इसका काम है दस्तावेज कलेक्ट करना और फर्जी जीएसटी नंबर जारी करवाना। इसके बाद उस जीएसटी को कलकता और धनबाद में बैठाकर गिरोह को संचालित करने वाले मुख्य सरगना को उपलब्ध करा दिया जाता है।

मामले में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई है। लगभग 300 से अधिक लोगों के नाम सामने आए हैं जिनके साथ धोखाधड़ी हुई है। जांच में यह संख्या और अधिक भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि जीएसटी ऑफिस से भी कुछ लोगों के डिटेल निकाले गए हैं। ग्रामीणों के नाम पर दूसरे राज्यों और जिलों से जीएसटी नंबर लिया गया है। सभी स्थानों पर जाकर पुलिस जांच करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश