डीसी के जनता दरबार में 41 फरियादियों की समस्याओं का किया समाधान

 


रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। डीसी ऋतुराज जनता दरबार में लोगों की समस्या ऑन द स्पॉट हल करते हैं। मंगलवार को भी उन्होंने समाहरणालय परिसर में जनता दरबार लगाया।

इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों से आए कुल 41 लोगों की समस्या ऑन द स्पॉट निबटारा किया गया। डीसी की इस संवेदनशीलता के कारण आम नागरिकों का भरोसा उन पर लगातार बढ़ता जा रहा है।

डीसी ने बताया कि सभी आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लिया गया है। जिन विभागों से संबंधित शिकायतें थीं, उन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तय समय सीमा के अंदर मामलों का निष्पादन कर अवगत कराने को भी कहा गया है।

डीसी ने कहा कि उनसे मिलने आए लोगों ने सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजना, अबुआ आवास, भूमि विवाद, दाखिल खारिज एवं दखल दिहानी, मुआवजा राशि, पेयजल, रोजगार, विद्यालय शिफ्टिंग, नाली जैसे मूल समस्याओं को रखा। उन्होंने सभी मामलों पर निष्पक्ष जांच कर समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। साथ ही अगर जिस समस्या के कारण किसी परिवार के हालात खराब हो रहे हैं, तो उसपर भी ध्यान देना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश