सरला बिरला विश्वविद्यालय का 17 दिवसीय ‘हरित ग्राम अभियान’ शुरू, पांच हजार पौधे लगाने का लक्ष्य
रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के उन्नत भारत अभियान (यूबीए) प्रकोष्ठ और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से अंगीकृत गांव आरा में 17 दिवसीय 'हरित ग्राम अभियान' का शुभारंभ किया गया। चार अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय के अंगीकृत गांवों आरा, बड़ाम, सिलवई, महिलोंग और हरातू के साथ आरा गेट से महिलोंग तक सड़क किनारे कुल पांच हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान का शुभारंभ विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और उनके संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। तभी पौधारोपण अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और सतत विकास का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्नत भारत अभियान के समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी जनहित अभियान की सफलता सामुदायिक सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा लगाए जाने वाले पौधों की देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।
राष्ट्रीय सेवा योजना के अमित नाथ चरण ने बताया कि अभियान के दौरान पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने, हरित क्षेत्र का विस्तार करने और ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान तथा राज्यसभा सांसद एवं निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, ग्राम प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar