संपत्ति की लालच में बेटे-बहू कर रहे वृद्ध माता-पिता को प्रताड़ित

 


रामगढ़, 30 मई (हि.स.)। संपत्ति की लालच में वृद्ध माता-पिता के साथ कलयुगी बेटे अपने वृद्ध माता-पिता को प्रताड़ित कर रहे है। साथ ही बेटे ने अपनी पत्नी से उनकी पिटाई करवाई। बेटे और बहू की प्रताड़ना से परेशान 60 वर्षीय मकेश्वर महतो और उनकी पत्नी बिलिया देवी शनिवार को रामगढ़ थाने पहुंचे। कुशवाहा धर्मशाला के पास लक्ष्मी निवास में रहने वाले मकेश्वर महतो और उनकी पत्नी बिलिया देवी ने पुलिस को बताया कि संपत्ति पर कब्जा करने की गलत मंसा से उनके छोटे बेटे सुभाष कुशवाहा ने उनके साथ मारपीट की।

मक्केश्वर महतो ने अपने बेटे सुभाष कुशवाहा को बिजली बिल भरने के लिए कहा था। इसी पर वह आग बबूला हो गया और उनके साथ मारपीट की। मक्केश्वर महतो ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे घर में मौजूद थे। बड़े बेटे अरुण कुशवाहा और मंझिले बेटे नरेंद्र कुशवाहा ने उन लोगों की जान बचाई।

मकेश्वर महतो ने पुलिस को बताया कि सुभाष कुशवाहा की पत्नी पिंकी देवी भी अक्सर उन लोगों को प्रताड़ित करती है। यहां तक कि अपनी सास बिलिया देवी के साथ गाली गलौज और मारपीट भी करती है। कई बार वे अपने बच्चों को भी इन लोगों के सामने इतनी बुरी तरह पीटती है कि जो उन्हें बर्दाश्त नहीं होता। मना करने पर उनके साथ गलत व्यवहार करना शुरू कर देती है। रामगढ़ थाना प्रभारी को उन्होंने कहा कि उनका छोटा बेटा किसी की भी बात नहीं मानता और वह सुधारने का नाम नहीं ले रहा। वह अपनी लालच के कारण कभी भी घर में किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश