भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का २३ को भव्य स्वागत करेंगे कार्यकर्ता, 27 को लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ पदयात्रा
रांची, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला की संगठनात्मक बैठक बुधवार को रातू रोड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक सीपी सिंह, महापौर रौशनी खलखो, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, नीरज कुमार, सुनीता सिंह, अमित कुमार, मनोज मिश्रा, केके गुप्ता, बलराम सिंह सहित जितेंद्र वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
इस दौरान आगामी 23 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रांची प्रवास और 27 अक्टूबर को प्रस्तावित “लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ यात्रा” की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं कार्यक्रमों की प्रभावी तैयारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं, उनकी सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से सुनिश्चित होती है। उन्होंने निर्देश दिया कि रांची आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का झारखंडी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाए। आगामी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ करें।
उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखने और आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की ओर से नैरेटिव फैलाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कभी अंग्रेजों ने भारत के खिलाफ झूठे और भ्रामक नैरेटिव गढ़कर देश को गुलाम बनाने का कार्य किया था, उसी प्रकार आज भी जनता को भ्रमित करने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्ष के इस गलत नैरेटिव को जनता के बीच तथ्यों और प्रमाणों के साथ उजागर करें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योंजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं।
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुबोध सिंह गुड्डू, संदीप वर्मा, कृपाशंकर सिंह, ऊषा पांडे, राजू सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, बीणा मिश्रा, अर्चना सिंह, राम लगन राम अनीता वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे