श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों के बीच गूंजा बोल बम

 


देवघर, 29 जुलाई (हि.स.)। देवाधिदेव बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हो गया। गुरुपूर्णिमा के शुभ अवसर पर दुम्मा (झारखंड-बिहार सीमा) स्थित कांवरिया पथ पर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मेले का विधिवत शंखनाद किया गया। पूजा के बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर श्रावणी मेले के शुभारंभ की घोषणा किया।

शुभारंभ समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह), देवेंद्र कुंवर, मेयर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थेे।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या मिलने पर प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही इस विशाल मेले का सफल संचालन संभव होता है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने कहा, हम सब केवल निमित्त मात्र हैं, बाबा के आशीर्वाद से ही यह महान आयोजन सफल होता है।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशन में इस वर्ष मेले की उत्कृष्ट तैयारियां की गई हैं। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने की अपील की। साथ ही कांवरिया पथ के किनारे पीसीसी निर्माण और बालू रोकने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी।

विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था और श्रद्धा का महापर्व है और बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद के बिना इसका संचालन संभव नहीं है।

विधायक उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह) ने मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।

विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि भगवान के आशीर्वाद से उद्घाटन के दिन मौसम भी सुहावना रहा। उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की प्रशंसा करते हुए ओवरब्रिज निर्माण और देवघर के पर्यटन स्थलों के विकास की आवश्यकता पर बल दिया।

श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही 'बोल बम' के जयघोष के बीच कांवरियों का बाबा नगरी की ओर लगातार प्रवेश शुरू हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुम्मा बॉर्डर सहित पूरे कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, डीडीसी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, खेल पदाधिकारी, झामुमो जिला अध्यक्ष सह मंत्री प्रतिनिधि, बीससूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, अवधेश कुमार, सुरेश साह, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy