गणेश चतुर्थी पर भक्ति में डूबी रांची, पंडालों में धूमधाम से हुई भगवान विघ्नहर्ता की पूजा
रांची, 14 सितंबर (हि.स.)।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में भव्य पूजा पंडालों का निर्माण कर धूमधाम से पूजा-अर्चना की जा रही है। इस अवसर पर राजधानी रांची भगवान विघ्नहर्ता की भक्ति में डूबी रही।
रांची के कोकर, लालपुर, धुर्वा, अरगोड़ा, हरमू के विद्यानगर, डोरंडा सहित कई क्षेत्रों में गणेश भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
इस दौरान कचहरी रोड स्थित गजराज पूजा महासमिति की ओर से लगातार 15वें वर्ष गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार सुबह विधि-विधान के साथ पांच दिवसीय पूजा की शुरुआत हुई। आचार्य विनय मिश्रा ने पूजा-अनुष्ठान कराया। इस दौरान गौरी-गणेश, वरुण, सूर्य सहित नवग्रहों की पूजा के बाद भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। महासमिति ने इस वर्ष प्राचीन भारतीय परंपराओं को ध्यान में रखते हुए करीब 25-25 फीट ऊंचा और चौड़ा भव्य पंडाल तैयार किया है। वहीं पंडालों में शाम में संध्या आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
साथ ही भजन मंडली में स्थानीय लोगों की भागीदारी भी रही। समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ लोगों को भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना है। आयोजकों के अनुसार 15 सितंबर 2026 को महाभोग, 17 सितंबर 2026 को महाभंडारा और 18 सितंबर 2026 को चडरी तालाब में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष विक्की वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष हीरू सिंह, कोषाध्यक्ष अभिषेक सिंह, संरक्षक संतोष सिंह, संयोजक शशि शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar