रांची में रविवार को निकलेगी भव्य बाल कांवड़ यात्रा
रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर के तत्वावधान में 23 अगस्त (रविवार) सुबह 8 बजे को आयोजित होने वाली भव्य बाल कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा को लेकर बच्चों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
महासमिति की ओर से शुक्रवार, शनिवार को बाल कांवड़ियों के बीच गेरुआ वस्त्र एवं कांवड़ का वितरण किया गया।
महासमिति के अनुसार, रविवार की सुबह 8 बजे से बाल कांवड़ यात्रा प्रारंभ होगी। सभी बच्चे गेरुआ वस्त्र धारण कर हाथों में कांवड़ लेकर नक्षत्र वन तालाब से पवित्र जल उठाएंगे और पैदल यात्रा करते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचेंगे। वहां भगवान महाकाल बाबा का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा में 5 से 12 वर्ष तक के बच्चे शामिल होंगे।
बाल कांवड़ यात्रा को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए महासमिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा में बच्चों के लिए बाल शिव रथ, जीवंत झांकियां, ढोल-नगाड़े, ताशा एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महासमिति का प्रयास है कि बच्चों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिले।
शनिवार को आयोजित कांवड़ एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। बच्चों को गेरुआ वस्त्र एवं कांवड़ प्रदान किया गया। कांवड़ प्राप्त करते समय बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
वहीं अभिभावकों ने भी आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और अपने बच्चों को इस धार्मिक यात्रा में शामिल कराने के प्रति उत्साहित नजर आए।
महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने कहा कि बाल कांवड़ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल कराएं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।
महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि बाल कांवड़ यात्रा का उद्देश्य बच्चों को छोटी उम्र से ही सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ना है।
बच्चों के मन में भगवान शिव के प्रति आस्था और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो, इसी उद्देश्य से महासमिति द्वारा लगातार इस आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और उनके परिजनों में जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे इस वर्ष की बाल कांवड़ यात्रा के ऐतिहासिक एवं सफल होने की उम्मीद है।
कांवड़ एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष राजेश कुमार साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, रिवाल्डो वर्मा, शुभाशीष चटर्जी, स्वप्ना चटर्जी, मुरारी मंगल, हर्ष कुमार, समीक्षा शर्मा, भोलू सिंह, अमन सिंह सहित महासमिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
महासमिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अपील की है कि बाल कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाएं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे