ग्राम प्रधान की हत्या मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
पाकुड़, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कूट्टा गांव में अंधविश्वास में एक युवक ने ग्राम प्रधान की निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया। घटना को लेकर मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के बयान के आधार पर थाने में कांड संख्या 72/26 व बीएनएस की धारा 103(1) के तहत धर्मा पहाड़िया को नामजद अभियुक्त बनाया गया।
एसपी अनुदीप सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी का गठन किया। गठित एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी ने बताया कि बीते 21 सितंबर की रात्रि धर्मा पहाड़िया ग्राम प्रधान बामना पहाड़िया के घर घुसकर टांगी से उसके गर्दन में वार कर दिया। इससे माैके पर ही उसकी मौत हो गयी। एसपी ने बताया कि धर्मा पहाड़िया को यह संदेह था कि ग्राम प्रधान बामना पहाड़िया अंधविश्वास (जादू टोना) करता है। जिस कारण धर्मा के परिवार के सदस्य की मृत्यु हो गयी थी और उसी संदेह में ग्राम प्रधान की हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में हत्या के आरोपित धर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान बामना जादू टोना करता था। जिससे पूर्व में हुए उसके दादा और पिता की माैत हाे गई। पुलिस ने गिरफ्तार हत्या के आरोपित धर्मा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं माैके पर एसपी ने जिलेवासियों से अंधविश्वास के चक्कर में नहीं पड़ने की अपील की।
एसआईटी में पुलिस निरीक्षक अनूप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, बुदीलाल मुर्मू, पप्पू कुमार, विवेक कुमार, रवि कुमार शर्मा, मनोज कुमार महतो और अनिल कुमार पंडित सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे