राष्ट्र निर्माण और नई पीढ़ी को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अहम : राज्यपाल

 


-शिक्षक दिवस पर राज्यपाल ने डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन

रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि शिक्षा और दर्शन के क्षेत्र में डॉ. राधाकृष्णन का योगदान देश के लिए अमूल्य है। उनके विचार और जीवन-दर्शन आज भी समाज को ज्ञान, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और नई पीढ़ी को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।

राज्यपाल ने शिक्षक दिवस पर देश और समाज के निर्माण में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के माध्यम से समाज को अधिक जागरूक, संवेदनशील और मूल्य आधारित बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे