झारखंड में नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी पर राज्यपाल ने जताई चिंता, पुलिस को तेज कार्रवाई के निर्देश
रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के निर्देश पर उनके अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने राज्य की पुलिस महानिदेशक तदशा मिश्रा को नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के मामलों को लेकर पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में राज्य में नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ मामलों में समय पर पुलिस कार्रवाई नहीं होने के कारण गंभीर और अप्रिय घटनाएं भी हुई हैं, जो अत्यंत चिंता का विषय है।
राज्यपाल ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खेद जताया है। साथ ही सभी जिलों में गुमशुदगी मामलों की विशेष समीक्षा करने और जांच को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, जिलावार लंबित मामलों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार कर राजभवन को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों में कानून का भय होना चाहिए और प्रत्येक बच्ची की सुरक्षा राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी लड़कियां सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल को इस विषय में कई ज्ञापन भी प्राप्त हुए हैं, जिसके बाद यह निर्देश जारी किए गए हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे