आम नागरिकों तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं : पीडीजे

 


रामगढ़, 05 मई (हि.स.)। रामगढ़ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) अध्यक्ष मो तौफिकुल हसन के मार्गदर्शन में मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता और आउटरीच अभियान के अंतर्गत आयोजित रैली व्यवहार न्यायालय परिसर से शुरू होकर बिरसा चौक, नेशनल हाइवे-23 से गुजरी।

पीडीजे मो तौफिकुल हसन ने बताया कि इस 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता और आउटरीच अभियान में सरकार की ओर से संचालित सभी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही महिला हिंसा से ग्रसित महिलाओं को त्वरित कानूनी सहायता एवं उनके पुनर्वास तथा झारखंड विक्टिम कंपनसेशन से संबंधित लाभ का त्वरित वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

समाज में व्याप्त अंधविश्वास जैसे डायन गुणी, ओझा प्रथा का उन्मूलन करना तथा इसके लिए जनमानस में जागरूकता अभियान के माध्यम से संदेश पहुंचाना है।

डीसी ऋतुराज ने डालसा को आश्वासन दिया कि जिला प्रसासन का भरपुर सहयोग और समर्थन इस अभियान को मिलेगा। इस जन अभियान से चिन्हित जो भी लाभुक की पहचान की जाएगी उनको केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ मुहैया कराया जाएगा। जिला न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय राजीव आनंद ने कहा कि इस अभियान से लोग जागरूक होंगे और पारिवारिक विवाद मामलों में कमी आएगी। सीजेएम आरती माला ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा, बाल विवाह पर रोक लगेगी।

डालसा सचिव अनिल कुमार ने बताया कि यह 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता और आउटरीच अभियान 28 अप्रैल से शुरू हुआ है। 90 दिनों तक जिले के सभी प्रखंड, पंचायत और गांवों में रहने वाले लोगों को जागरूक किया जाएगा। खासकर सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वालों लोगों को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों जैसे प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रोनिक मीडिया, सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक, विधिक जागरूकता शिविर के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पैरा लीगल वॉलेण्टियर्स को लोक हित में बनाए गए महत्वपूर्ण कानूनों जैसे मातृत्व लाभ अधिनियम, श्रमिकों के लिए फैक्ट्री अधिनियम और वेतन भुगतान अधिनियम की जानकारी दी गई है।

रैली में डीसी ऋतुराज, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो तौफिकुल हसन, जिला जज कुटुम्ब न्यायालय राजीव आनंद, जिला जज प्रथम विशाल श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी आरती माला, अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी अरबिंद कच्छप, सिनियर सिविल जज द्वितीय शिवेन्दु द्विवेदी, सिविल जज चतुर्थ उत्तम सागर राणा, डालसा सचिव अनिल कुमार, सिनियर सिविल जज पंचम तबिन्दा खान सहित कई लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश