इबोला के संभावित खतरे को लेकर झारखंड का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

 


-स्वास्थ्य मंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और चिकित्सा संसाधन तैयार रखने के निर्देश

रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया। राहत की बात है कि अभी तक राज्य में इबोला का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है।

मंत्री ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी एवं आवश्यक स्क्रीनिंग की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। उन्होंने सभी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, पर्याप्त पीपीई किट, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल रिपोर्टिंग, सुरक्षित सैंपल संग्रह, जांच और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत इलाज सुनिश्चित करने को भी कहा।

मंत्री ने बताया कि रिम्स में 12 नवंबर 2026 को इबोला से निपटने की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar