राज्य सरकार ने झारखंड की युवा पीढ़ी के साथ किया धोखा : देवेन्द्रनाथ
रांची, 26 अगस्त (हि.स.)।
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के नेतृत्व में भर्ती व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हित में चल रही भर्ती सुधार यात्रा बुधवार को तीसरे दिन चतरा और कोडरमा होते हुए गिरिडीह पहुंची।
इस अवसर पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड की युवा पीढ़ी के साथ धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और राज्य के मानव संसाधन को उचित सम्मान नहीं दिया।
देवेंद्र महतो ने कहा कि छात्रों के भविष्य की गारंटी और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि भर्ती सुधार यात्रा के माध्यम से पूरे झारखंड में युवाओं और अभ्यर्थियों को संगठित किया जाएगा। यात्रा की शुरुआत रामगढ़ के नेमरा से हुई है। गुरुवार को यात्रा देवघर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जन-जागरण, पदयात्रा और जनसभाओं के माध्यम से युवाओं एवं अभ्यर्थियों को भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए जागरूक किया गया। यात्रा की शुरुआत चतरा जिले के इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद देहर, चौपारण, बटबीघा, उरवां और बरही में जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कोडरमा जिले के सुभाष चौक, झंडा मोड़ और महाराणा प्रताप चौक पर पदयात्रा निकाली गई। इसके बाद गिरिडीह जिले के डोमचांच, घोड़थंभा और गोरीमहुआ में जनसभा हुआ।
मौके पर मनोज यादव, आकांक्षा कुमारी, कृष्णा यादव, मेघनाथ महतो, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar